
सोनभद्र: दुद्धी के नगवा गांव में आकाशीय बिजली का कहर, एक ही परिवार के पांच सदस्य झुलसे, दो की हालत गंभीर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र, दुद्धी। जिले के दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के नगवा गांव में शुक्रवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदलने के साथ हुई तेज गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के पांच सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगवा गांव निवासी राजमोहिनी (32) पत्नी सूर्यप्रकाश और उनकी देवरानी हीरमन (33) पत्नी जगदीश शुक्रवार शाम घर के बाहर एक पेड़ के पास बैठी थीं। वहीं पास में चारपाई पर रेनबो (7), सुनैना (15) और आशीष (12) पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे उनके पास आ गिरी।
बिजली गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सभी लोग झुलसी हुई अवस्था में मिले। ग्रामीणों ने बिना देर किए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया।
अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायल बिजली की चपेट में आने से झुलसे हैं। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन पर चिकित्सकों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की भी तैयारी की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी अस्पताल पहुंची तथा घायलों का हालचाल लिया। इस हादसे के बाद पूरे नगवा गांव में दहशत और शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के मौसम में क्षेत्र में लगातार गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है, जिससे लोग भयभीत हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले स्थानों पर खड़े होने से बचें तथा मौसम खराब होने पर सुरक्षित भवनों के भीतर ही रहें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।