
दुद्धी में आकाशीय बिजली का कहर: पांच लोग गंभीर रूप से घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
दुद्धी, सोनभद्र। शुक्रवार शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज ने दुद्धी क्षेत्र में तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। शाम करीब साढ़े चार बजे तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) के झटके से अलग-अलग गांवों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की तत्परता से सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
अलग-अलग गांवों में हुआ हादसा
ग्राम डुमरडीहा निवासी सुनीता देवी (38) पत्नी ओमप्रकाश अपने घर की खिड़की के पास बैठी थीं। इसी दौरान तेज कड़कड़ाहट के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
वहीं बघाडू गांव में बेबी देवी (32) पत्नी विनय अपने बच्चों के साथ घर के बाहरी कमरे में मौजूद थीं। अचानक हुए वज्रपात के तेज झटके से वह अचेत होकर गिर पड़ीं। राहत की बात यह रही कि उनके साथ मौजूद बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे।
सबसे दर्दनाक घटना बरखोहरा गांव में सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्य वज्रपात की चपेट में आ गए। बताया जाता है कि मनीषा देवी (28) पत्नी अमरनाथ, उनकी आठ वर्षीय पुत्री नंदनी तथा शकुंतला देवी (45) घर के अंदर बैठकर भोजन कर रहे थे। तभी आकाशीय बिजली के तेज झटके से तीनों गंभीर रूप से प्रभावित हो गए।
डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायल
सीएचसी दुद्धी पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने सभी पांचों घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर और नियंत्रण में है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
प्रशासन ने जारी की सावधानी की अपील
मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि गरज-चमक और तूफान के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचें, खिड़कियों और दरवाजों से दूरी बनाए रखें तथा खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। सुरक्षित पक्के भवनों में रहना ही वज्रपात से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
लगातार बढ़ रही वज्रपात की घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने भी आगामी दिनों में खराब मौसम की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।