• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर: विंध्याचल में भिखारी बनकर श्रद्धालुओं के मोबाइल और रुपये उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा गया, सात गिरफ्तार

मिर्जापुर: विंध्याचल में भिखारी बनकर श्रद्धालुओं के मोबाइल और रुपये उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा गया, सात गिरफ्तार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

‌ 8382048247

 

 

मिर्जापुर। विंध्याचल पुलिस ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर भिखारी का वेश धारण कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग तीन लाख रुपये मूल्य के चोरी के मोबाइल फोन तथा 310 रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सिटी) अमित कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि यह गिरोह विंध्याचल धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर उनके मोबाइल फोन और नकदी चोरी करता था। गिरोह के सदस्य खुद को भिखारी के रूप में प्रस्तुत कर लोगों की नजरों से बचते थे और मौका मिलते ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

सीओ सिटी ने बताया कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड एक नाबालिग है। वह कई बार अंधे व्यक्ति का स्वांग रचकर लोगों की सहानुभूति हासिल करता था और उसी दौरान चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य गंगा घाट, बाजार क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के आसपास सक्रिय रहते थे, जहां श्रद्धालुओं और यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करते थे।

इस सफलता में विंध्याचल थाना प्रभारी अजीत सिंह और कस्बा इंचार्ज अजय मिश्रा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया और मुखबिर की सूचना व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितनी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके अन्य साथी भी इसमें शामिल हैं या नहीं। साथ ही बरामद मोबाइल फोनों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

विंध्याचल पुलिस की इस कार्रवाई से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .