
परिजनों की डांट से आहत युवक ने पी लिया कीटनाशक, हालत स्थिर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के घघरी गांव में परिजनों की डांट से आहत होकर एक युवक द्वारा कीटनाशक पी लेने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। युवक की हालत बिगड़ते देख उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, घघरी गांव निवासी 19 वर्षीय सुभाष चंद्र गुप्ता, पुत्र अंजनी गुप्ता, दिन भर घर से बाहर रहने के बाद शाम को वापस लौटा था। इस बात को लेकर परिजनों ने उसे फटकार लगाई। बताया जा रहा है कि डांट से नाराज होकर युवक ने आवेश में आकर घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। युवक की हालत देखकर परिजन घबरा गए और बिना समय गंवाए उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हुआ।
सीएचसी बभनी के चिकित्सक डॉ. फिरोज ने बताया कि युवक का उपचार जारी है। समय पर अस्पताल पहुंच जाने के कारण स्थिति नियंत्रण में है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। चिकित्सक उसकी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर ऐसा कदम उठाना उचित नहीं है। किसी भी पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव की स्थिति में धैर्य से काम लेना चाहिए और जरूरत पड़ने पर परिवार के लोगों या विश्वसनीय व्यक्तियों से बातचीत कर समस्या का समाधान तलाशना चाहिए।