
सोनभद्र: लोहरा गांव के पास भीषण सड़क हादसा, बोलेरो चालक समेत दो की मौत, दो गंभीर घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लोहरा गांव के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बोलेरो चालक सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पन्नगंज थाना क्षेत्र के जयमोहनी गांव निवासी बोलेरो मालिक एवं चालक निकेश (25) पुत्र बाबूलाल सवारी लेकर एक परिजन को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापस अपने गांव लौटते समय रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोहरा गांव के पास अचानक सड़क पर एक मवेशी आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी।
टक्कर और पलटने की वजह से वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो चालक निकेश (25) तथा पन्नगंज थाना क्षेत्र के अमिलिया गांव निवासी मुराहू (72) पुत्र अलियार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में बोलेरो में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।