
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: बाइक और डीसीएम की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद के चिल्ह थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मिर्जापुर-गोपीगंज मार्ग स्थित तिराहे के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक और डीसीएम की आमने-सामने की टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों की पहचान विकास उर्फ अक्का यादव निवासी भोगांव, थाना चिल्ह, मिर्जापुर तथा अमन मिश्रा निवासी विठ्ठलपुर, औराई, भदोही के रूप में हुई है। वहीं घायल शुभम यादव निवासी कटारी, औराई, भदोही की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक अपने एक मित्र को गोपीगंज रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा।
अपने दोस्त को स्टेशन छोड़ने निकले थे युवक, लेकिन रास्ते में काल बनकर आई तेज रफ्तार; दो घरों के चिराग बुझने से परिवारों में मातम पसरा हुआ है।