• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ, बाइक रैली से शिक्षा का दिया गया संदेश

स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण का भव्य शुभारंभ, बाइक रैली से शिक्षा का दिया गया संदेश


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘स्कूल चलो अभियान’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत विकास खंड राजगढ़ के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर से मंगलवार को जागरूकता बाइक रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ना, शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति समाज में व्यापक जनजागरण फैलाना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजगढ़ खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार तथा विशिष्ट अतिथि मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया। रैली में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में शिक्षा के महत्व से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से लोगों को बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रभाकर सिंह एवं अवधेश सिंह द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत करने से हुई। इस अवसर पर विधायक रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजे, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराया जा रहा है। इसके लिए शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ ड्रॉपआउट बच्चों को भी विद्यालय से जोड़ने का निरंतर प्रयास करें।
कार्यक्रम के दौरान वर्तमान शैक्षिक सत्र में उत्कृष्ट नामांकन करने वाले प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बैरमपुर, समुदवा, बड़ागांव, जौगढ़, कुसुम्ही, डढ़िया, लूसा, विशुनपुर, चंदनपुर सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षकों को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर सत्यप्रकाश सिंह, शिवेंद्र सिंह, बृजेश सिंह, ओम राहुल सिंह, आलोक जौहरी, चंद्रशेखर सिंह, कविता सिंह, गुड्डी देवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति जागरूकता और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .