
सोनभद्र: जमीनी विवाद में पिता-पुत्र पर हमला, चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जनपद के घोरावल कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कम्हरिया गांव में मंगलवार की शाम करीब छह बजे जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रास्ते में घात लगाकर बैठे चार लोगों ने कथित तौर पर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर घोरावल कोतवाली पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित खांख गांव निवासी दशमी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने पुत्र राजेंद्र के साथ बेलाही गांव से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों कम्हरिया गांव के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद खांख गांव निवासी बेचू, उसका पुत्र अभय, स्वर्गीय डंगर का पुत्र कमलेश तथा कमलेश का पुत्र नंदलाल ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि चारों ने पुराने जमीनी विवाद को लेकर पहले गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दशमी ने इसका विरोध किया और शांत रहने की बात कही, तो सभी आरोपी आक्रामक हो गए और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से उन पर हमला कर दिया। अपने पिता को बचाने के लिए जब राजेंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी बेरहमी से पीट दिया।
मारपीट में पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। इसके बाद घायल पिता-पुत्र ने कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी और लिखित तहरीर सौंपी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।