
सोनभद्र में आज से नियमित समय पर संचालित होंगी अदालतें, प्रातःकालीन कोर्ट व्यवस्था समाप्त
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में बुधवार, 1 जुलाई से जनपद की सभी अदालतों का संचालन पुनः नियमित समयानुसार शुरू हो गया है। पिछले लगभग दो माह से भीषण गर्मी के कारण लागू की गई प्रातःकालीन अदालत (मॉर्निंग कोर्ट) व्यवस्था अब समाप्त कर दी गई है। अब सभी न्यायालयों में न्यायिक कार्यवाही पूर्व निर्धारित नियमित समय के अनुसार सुबह 10 बजे से प्रारंभ होगी।
गौरतलब है कि सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों के चलते मई और जून के महीनों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहता है। अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा वादकारियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोनभद्र बार एसोसिएशन और डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से इलाहाबाद हाईकोर्ट को प्रातःकालीन अदालत संचालित करने का प्रस्ताव भेजा था।
हाईकोर्ट द्वारा प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद पिछले दो माह से न्यायालयों का संचालन सुबह के समय किया जा रहा था। अब मौसम में आए बदलाव और न्यायालय के नवीन आदेश के अनुसार यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।
नियमित समय पर अदालतों के संचालन से न्यायिक प्रक्रिया फिर से सामान्य हो जाएगी। अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और वादकारियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय पर न्यायालय पहुंचकर अपने मामलों की सुनवाई में उपस्थित रहें, ताकि न्यायिक कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके।