
संदिग्ध आग से तबाही: सतुहार सिवान में 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो – कमलेश पाण्डेय
जमालपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर ग्राम पंचायत स्थित सतुहार सिवान में रविवार दोपहर अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते करीब 10 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के खेतों में तेजी से फैल गईं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हरी झाड़ियों और उपलब्ध संसाधनों के सहारे आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
इस भीषण अग्निकांड में कई किसानों की मेहनत पल भर में स्वाहा हो गई। विजय मौर्या की 3 बीघा, बचाऊ की 15 विस्वा, सदन मौर्या की 1 बीघा, अजय विश्वकर्मा व केशव विश्वकर्मा की 15-15 विस्वा, अपरबल की 2 बीघा तथा चिंता मणि की लगभग डेढ़ बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही किसानों ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी, लेकिन दमकल के मौके पर पहुंचने से पहले ही आग अपना कहर बरपा चुकी थी। खेतों में केवल राख और धुआं ही शेष बचा था।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराकर पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।