
मिर्जापुर में युवक पर जानलेवा हमला, नकदी व मोबाइल लूटा रात में घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने घेरा, परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। काशी भोला पोखरा तालाब के समीप 10 मई 2026 की देर रात बदमाशों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर युवक से ₹15 हजार नकद और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी संदीप जायसवाल शनिवार देर रात रेलवे स्टेशन से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 1:20 बजे जैसे ही वह काशी भोला पोखरा तालाब के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर बदमाशों ने संदीप पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े। इसके बाद आरोपी उनकी जेब में रखे ₹15 हजार नकद और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की जानकारी रात में ही पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन लिखित शिकायत पर 11 मई को मामला दर्ज किया गया। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी या किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी लूट और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। नशेड़ियों और मादक पदार्थ तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।