• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
सोनभद्र के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात: तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण को मिली मंजूरी, 6.73 करोड़ रुपये होंगे खर्च

सोनभद्र के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात: तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार व आधुनिकीकरण को मिली मंजूरी, 6.73 करोड़ रुपये होंगे खर्च


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

सोनभद्र जनपद के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार ने रॉबर्ट्सगंज स्थित तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 6.73 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शासन की मंजूरी मिलने के बाद स्टेडियम को आधुनिक खेल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा।

इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को सौंपी गई है। एजेंसी द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। स्टेडियम के आधुनिकीकरण के बाद यहां खिलाड़ियों के लिए बेहतर खेल मैदान, छात्रावास, आधारभूत सुविधाएं और प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जनपद में खेलों को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण का 6.73 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के निरंतर प्रयास और शासन की सकारात्मक सोच से यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो रही है। इससे जिले के खिलाड़ियों को अपने ही जनपद में आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तियरा स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यूपीआरएनएसएस के प्रतिनिधियों के साथ प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रावास भवन में सभी खिड़कियां एक समान डिजाइन और गुणवत्ता की हों, ताकि भवन का स्वरूप आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई दे। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्टेडियम के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण एजेंसी को सभी कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार कराने तथा समय-समय पर प्रगति की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

तियरा स्टेडियम के आधुनिकीकरण के बाद सोनभद्र के खिलाड़ियों को अभ्यास, प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। इससे जिले में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा। स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनपद के खेल विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .