
सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹1.20 लाख में नाबालिग की खरीद-फरोख्त कर जबरन शादी कराने वाला आरोपी गिरफ्तार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र पुलिस ने मानव तस्करी और नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने ₹1.20 लाख में नाबालिग बालिका को खरीदकर उसका जबरन विवाह कराने के आरोपी को दबोच लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को मानव तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, लगातार की गई दबिश और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर 10 जुलाई को आरोपी अमित कुमार पुत्र अशोक पंडित, निवासी पक्की सराय, थाना सासनीगेट, जनपद अलीगढ़ को सोनभद्र रेलवे स्टेशन के समीप बीएसएनएल गेट के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में मानव तस्करी, पॉक्सो अधिनियम तथा एससी/एसटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने करीब ₹1.20 लाख देकर एक नाबालिग बालिका की खरीद-फरोख्त की और उसका जबरन विवाह कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
काफी समय तक फरार चल रहे आरोपी की लोकेशन तकनीकी माध्यमों से ट्रेस की गई। इसके बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई की गई।
सोनभद्र पुलिस ने कहा कि मानव तस्करी, महिलाओं एवं बच्चों के शोषण तथा बाल विवाह जैसे अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। ऐसे मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं मानव तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह या नाबालिगों के शोषण से जुड़ी कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।