
सोनभद्र: घोरावल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सात फरार वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजे गए जेल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों के प्रभावी अनुपालन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत घोरावल कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को दोपहर से शाम तक चले सघन अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर जिलेभर में फरार एवं वांछित वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में घोरावल कोतवाली पुलिस ने क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया। पुलिस टीम ने गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे से शाम छह बजे तक संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर सातों वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके और कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
घोरावल पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन के लिए इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेगा और किसी भी फरार आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।