• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में फिर मौत का तांडव: तेज रफ्तार टीपर ने युवक को कुचला, मचा कोहराम

बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में फिर मौत का तांडव: तेज रफ्तार टीपर ने युवक को कुचला, मचा कोहराम


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

सोनभद्र। जनपद के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों का आतंक लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। शनिवार सुबह एक बार फिर पत्थर लदे बेलगाम टीपर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मृतक की पहचान अंकित चौरसिया पुत्र नंदलाल चौरसिया, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी ओबरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंकित एक कंपनी में एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) के पद पर कार्यरत था। वह शुक्रवार की रात रॉबर्ट्सगंज में रुका हुआ था और शनिवार सुबह बाइक से अपने घर ओबरा लौट रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जैसे ही वह बिल्ली चढ़ाई स्थित राधे-राधे इंटरप्राइजेज खदान के सामने पहुंचा, तभी तेज गति से गुजर रहे पत्थर लदे टीपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय नागरिकों ने खनन क्षेत्र में चल रहे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए। लोगों का कहना है कि टीपर चालक अधिक चक्कर लगाने और ज्यादा कमाई की होड़ में नियमों को ताक पर रखकर वाहन दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खनन क्षेत्र में बेलगाम टीपरों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए, भारी वाहनों की गति नियंत्रित की जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .