
तेज रफ्तार ट्रक का कहर: वाराणसी ले जाते समय युवक ने तोड़ा दम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रनटोला स्थित जमतिहवा नाला के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए आनंद अग्रहरि (30) की वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मृतक आनंद अग्रहरि म्योरपुर निवासी विजय अग्रहरि के पुत्र थे। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आनंद अग्रहरि अपने साथी लाल बाबू के साथ बाइक से जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने आनंद की नाजुक स्थिति को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे ने क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर♠ दिए हैं।