
सोनभद्र जनपद के दुद्धी थाना क्षेत्र अंतर्गत कोलिनडूबा गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई।
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
घर के बाहर पशुओं के लिए रखा चारा उठाने गई 16 वर्षीय किशोरी को जहरीले सांप ने डस लिया। सर्पदंश के बाद किशोरी की हालत अचानक बिगड़ गई, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल किशोरी की पहचान कोलिनडूबा निवासी रविन्द्र पासवान की 16 वर्षीय पुत्री अर्चना के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अर्चना रात के समय घर के बाहर पशुओं के लिए रखा चारा लेने गई थी। इसी दौरान घास के ढेर में छिपे एक जहरीले सांप ने उसके पैर में डस लिया। शुरुआत में उसे हल्का दर्द महसूस हुआ, लेकिन कुछ ही देर में उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। शरीर में विष का असर दिखाई देने पर परिजनों ने बिना देर किए उसे तत्काल सीएचसी दुद्धी पहुंचाया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनोहर ने किशोरी का प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को गंभीर मानते हुए उसे चिकित्सकीय निगरानी में भर्ती कर लिया है। अस्पताल प्रशासन द्वारा लगातार उसकी सेहत पर नजर रखी जा रही है और आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बरसात के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सर्पदंश के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि रात के समय खेतों, खलिहानों और चारे के ढेर के पास जाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर चिकित्सकीय इलाज कराएं।