
एमएमबीसीबी मार्ग के निर्माण में सुस्ती पर डीएम की बड़ी कार्रवाई, दो एई को प्रतिकूल प्रविष्टि, चार जेई का वेतन रोका
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
54.10 करोड़ की लागत से बन रही 14 किमी सड़क का काम दो माह में पूरा करने का निर्देश, ठेकेदार पर 20 लाख रुपये जुर्माना
सोनभद्र। मुर्धवा-म्योरपुर-बभनी-छत्तीसगढ़ बॉर्डर (एमएमबीसीबी) मार्ग से वनवासी कल्याण आश्रम होते हुए छत्तीसगढ़ सीमा तक बन रही करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को स्थलीय निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर डीएम ने जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
करीब 54.10 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस निर्माण कार्य में लापरवाही मिलने पर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के सहायक अभियंता नवीन श्रीवास्तव और छोटेलाल को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए। वहीं, निर्माण कार्य की निगरानी में शिथिलता बरतने पर अवर अभियंता जितेंद्र तिवारी, श्रीकेश, राजेश शर्मा और संतोष कुमार सिंह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कार्य में अनावश्यक देरी के लिए संबंधित ठेकेदार पर 20 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने को भी कहा। साथ ही अधिशासी अभियंता निर्माण खंड को चेतावनी जारी करने तथा संबंधित सहायक अभियंताओं को भी चेतावनी देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को दो माह के भीतर हर हाल में सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और मौके पर नियमित निगरानी सुनिश्चित हो।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल महत्वपूर्ण विकास कार्य हैं। इनमें किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि खामियां मिलने पर संबंधित की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम दुद्धी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता एसके सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार, एडीआईओ विनय कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।