
लगातार बारिश बनी आफत: बुजुर्ग दंपति का कच्चा मकान ढहा, रहने को हुए मजबूर
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद के दुद्धी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मेदनीखाड़ में लगातार हो रही बारिश एक गरीब बुजुर्ग दंपति के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। शनिवार सुबह बारिश के कारण बुजुर्ग दंपति का वर्षों पुराना कच्चा मकान अचानक ढह गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मकान गिरने से घर में रखा जरूरी घरेलू सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया। घटना के बाद 57 वर्षीय लखपतिया देवी और उनके 60 वर्षीय पति रामवरिछ गोंड के सामने सबसे बड़ी समस्या सिर छिपाने की खड़ी हो गई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपति लंबे समय से इसी कच्चे मकान में अपना जीवन व्यतीत कर रहे थे।
मकान ढह जाने के बाद अब उनके पास रहने के लिए कोई सुरक्षित आशियाना नहीं बचा है। मजबूरी में बुजुर्ग दंपति को दूसरे के घर में शरण लेनी पड़ रही है। लगातार हो रही बारिश के बीच उनकी परेशानी और बढ़ गई है। परिवार का कहना है कि यदि जल्द ही उनके रहने की कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं की गई तो उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न आवासीय योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पीड़ित बुजुर्ग दंपति को राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए और जांच के बाद उन्हें शीघ्र किसी सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के इस कठिन मौसम में बुजुर्ग दंपति को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। लोगों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लखपतिया देवी और रामवरिछ गोंड को फिर से सिर पर सुरक्षित छत मिल सके।