
249 सफाईकर्मियों ने संभाला मोर्चा, 97 गांवों में चला व्यापक सफाई अभियान
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सड़कों व सार्वजनिक रास्तों से हटाई गई झाड़-झंखाड़
जिगना। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिगना विकासखंड में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विकासखंड की सभी 15 न्याय पंचायतों के 97 गांवों में एक साथ सफाई कराई गई। इस दौरान 249 सफाईकर्मियों ने सड़कों, संपर्क मार्गों और गांव की गलियों के किनारे उगी घास-फूस एवं झाड़-झंखाड़ को हटाया।
सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए सफाईकर्मियों को 15 समूहों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक समूह की निगरानी की जिम्मेदारी एक टोली नायक को सौंपी गई थी। अभियान के दौरान सड़कों के किनारे लंबे समय से उगी झाड़ियों और घास-फूस को हटाकर रास्तों को साफ-सुथरा एवं आवागमन के लिए सुगम बनाया गया।
गुरुवार को हरगढ़-खैरा, जिगना-मिश्रपुर, मनिकठी-गौरा, बिहसड़ा-नीबी और गैपुरा-रामपुर घाट सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों के दोनों किनारों पर विशेष रूप से सफाई अभियान चलाया गया। झाड़ियों की सफाई होने से जहां सड़कों की दृश्यता बेहतर हुई, वहीं राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में सहूलियत मिली।
अभियान में टोली नायक के रूप में धीरज सिंह, राघवेंद्र उपाध्याय, सर्वेश चंद्र शुक्ला, संजय पांडेय, धर्मेंद्र, राम लखन और सूबेदार सहित अन्य कर्मचारियों ने जिम्मेदारी संभाली।
एडीओ पंचायत बृजेश सिंह ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों की नियमित सफाई कराई जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के साथ-साथ मच्छरों के पनपने की संभावनाओं को कम करना और मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम करना है। उन्होंने कहा कि अभियान को आगे भी जारी रखते हुए गांवों में साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया जाएगा।