
बीजपुर में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, दर्जनों पुलिया और बांध टूटे; कई गांवों का संपर्क टूटा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र के बीजपुर क्षेत्र में रविवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। तेज गरज-चमक के साथ हुई भारी बारिश से क्षेत्र में जगह-जगह जलभराव और तबाही का मंजर देखने को मिला। दर्जनों पुलिया और छोटे बांध टूट जाने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया। वहीं बारिश का पानी कई घरों के साथ-साथ एनटीपीसी के आवासीय परिसर स्थित क्वार्टरों में भी घुस गया, जिससे पूरी रात लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थिति बिगड़ने पर सीआईएसएफ के जवानों ने मोर्चा संभाला और एनटीपीसी आवासीय परिसर में पानी से घिरे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। अचानक घरों में पानी घुसने से परिवारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बारिश के तेज बहाव के कारण डोडहर, डिग्घुल, कोडार और जरहा क्षेत्र की दर्जनों पुलियाएं क्षतिग्रस्त होकर टूट गईं। पुलियाओं के टूटने से कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हो गया। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और श्रमिकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण रामचंद्र और राजेश ने बताया कि बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं। संपर्क मार्ग टूट जाने के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए करीब 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे बच्चों और अभिभावकों दोनों को काफी परेशानी हो रही है।
भारी बारिश का असर केवल सड़कों और पुलियाओं तक ही सीमित नहीं रहा। कच्चे और पक्के मकानों में भी पानी और सीपेज की समस्या सामने आई है। कई घरों की दीवारों और छतों से पानी रिसने के कारण ग्रामीणों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ा। लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पुलियाओं और संपर्क मार्गों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जलभराव की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।