
सोनभद्र में कांवड़ियों से भरा डीजे वाहन पलटा, सात घायल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
घोरावल क्षेत्र के पेढ़ गांव में गड्ढायुक्त सड़क बनी हादसे की वजह, कई नाबालिग कांवड़िया भी घायल
सोनभद्र। घोरावल क्षेत्र में सोमवार को उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब कांवड़ियों से भरा डीजे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन सवार सात कांवड़िया घायल हो गए। घायलों में कई नाबालिग भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घोरावल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कांवड़िया शिवद्वार धाम में जलाभिषेक करने के बाद मिर्जापुर लौट रहे थे। इसी दौरान घोरावल क्षेत्र के पेढ़ गांव के पास गड्ढों से भरी सड़क पर डीजे वाहन अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के दौरान वाहन पर रखा जनरेटर भी नीचे गिर गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य कराया।
घायलों को तत्काल सीएचसी घोरावल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेढ़ गांव के पास सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिसके कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आवागमन को देखते हुए सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।