• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: गंगा पुल निर्माण स्थल के गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत, गांव में मचा कोहराम

मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: गंगा पुल निर्माण स्थल के गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत, गांव में मचा कोहराम


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में मंगलवार शाम एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से उसमें डूबकर दो मासूम सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे दोनों भाई खेलते-खेलते घर से लगभग एक किलोमीटर दूर पुल निर्माण स्थल तक पहुंच गए। गहरे गड्ढे में बारिश का पानी लबालब भरा हुआ था। आशंका है कि खेलते समय अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में डूब गए।

रात तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद रात करीब 11:30 बजे निर्माण स्थल के गड्ढे में दोनों के शव पानी के ऊपर तैरते हुए मिले। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों बच्चों के शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पुल निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और न ही गहरे गड्ढों के आसपास कोई चेतावनी या घेराबंदी की गई थी, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ।

सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। काफी मशक्कत के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .