
भूमि विवाद और हंगामे में चार गिरफ्तार, शांति भंग की आशंका में न्यायालय भेजे गए
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र। जनपद के बीजपुर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस ने शांति भंग की आशंका में चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की यह कार्रवाई अलग-अलग मामलों में हुए विवाद और हंगामे के बाद की गई।
पहला मामला पिंडारी गांव का है, जहां उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडे अपनी पुलिस टीम के साथ प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच करने पहुंचे थे। जांच के दौरान भूमि विवाद को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए और उनके बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद समाप्त कराने का प्रयास किया, लेकिन समझाने के बावजूद वे नहीं माने और पुलिस की मौजूदगी में ही मारपीट व हंगामा करने लगे।
स्थिति को गंभीर होता देख तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दीपनारायण, रामप्रताप और संदीप कुमार, निवासी ग्राम पिंडारी, को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
इसी क्रम में पुलिस टीम जरहा गांव पहुंची, जहां आवेदिका मतरानी पत्नी सत्यनारायण द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान वहां भी एक व्यक्ति द्वारा विवाद उत्पन्न कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित करते हुए संबंधित व्यक्ति को भी शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार कर लिया तथा उसका चालान न्यायालय भेज दिया।
बीजपुर पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार का विवाद, मारपीट या सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से आपसी विवादों का समाधान शांतिपूर्ण एवं कानूनी तरीके से करने तथा कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की है।