
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त व डीआईजी ने किया कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
विंध्याचल मंडल, मीरजापुर। श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त श्री राजेश प्रकाश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती पूनम ने लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा नगर पालिका परिषद के अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भरुहना स्थित विन्ननानी कॉलेज के समीप सड़क पर बने गड्ढे का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को तत्काल उसे भरने, आवश्यक बैरीकेटिंग लगाने तथा चेतावनी संकेतक स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
मंडलायुक्त ने बरियाघाट से शिवद्वार मंदिर तक पूरे कांवड़ मार्ग की सड़कों को समतल, सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग की नियमित निगरानी, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उप पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती पूनम ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग, पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए कांवड़ मार्ग पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएंगी, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा संपन्न कर सकें।