
सोनभद्र: बिजली कनेक्शन के अभाव में ठप पड़ा बैलहथी पंचायत सचिवालय, ग्रामीणों ने की तत्काल विद्युत आपूर्ति की मांग
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के म्योरपुर विकास खंड की आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत बैलहथी के कोड़रा गांव स्थित पंचायत सचिवालय में आज तक बिजली कनेक्शन नहीं होने से सरकारी कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस की योजनाओं को धरातल पर लागू करने के दावों के बीच पंचायत सचिवालय में बिजली का अभाव ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है।
बिजली न होने के कारण पंचायत सचिवालय में स्थापित कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट से जुड़े उपकरण तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक संसाधन उपयोग में नहीं आ पा रहे हैं। इसके चलते जन्म, मृत्यु, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित ऑनलाइन सेवाएं नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही हैं। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी कई किलोमीटर दूर ब्लॉक मुख्यालय का चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिवालय गांव में शासन की सबसे महत्वपूर्ण इकाई है, जहां से लोगों को स्थानीय स्तर पर अधिकांश सरकारी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। लेकिन बिजली कनेक्शन न होने के कारण सचिवालय केवल नाम मात्र का बनकर रह गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्षेत्र पंचायत सदस्य संपत खरवार ने कहा कि आदिवासी क्षेत्र के विकास के लिए सरकार लगातार योजनाएं चला रही है, लेकिन पंचायत सचिवालय जैसी मूलभूत व्यवस्था में बिजली की सुविधा तक उपलब्ध न होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की ताकि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ गांव में ही मिल सके।
ग्रामीण देवचंद्र खरवार, बसंत, रामनारायण, हसथन सहित अन्य लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र बिजली कनेक्शन दिलाने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिवालय में बिजली व्यवस्था बहाल होने से डिजिटल सेवाएं सुचारु रूप से संचालित होंगी और लोगों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी।