
मिर्जापुर: टोटो और लूना बाइक की आमने-सामने टक्कर, सिर में गंभीर चोट लगने से युवक रेफर* , हाईवे पर लगा जाम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर जनपद के पड़री थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे वाराणसी–मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टोटो और लूना बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा आमघाट भेवर करमनपुर के पास हुआ, जिसमें लूना बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टोटो चालक को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल लूना सवार की पहचान भेवर करमनपुर (आमघाट) निवासी रमा शंकर पुत्र बेचन राम के रूप में हुई है। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनकी हालत चिंताजनक हो गई। वहीं टोटो चालक वंशराज पुत्र दिलीप, निवासी भरुहना (मिर्जापुर), को हल्की चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि लूना बाइक पर लदे आलू और टमाटर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए निकट के चिकित्सक के पास पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रमा शंकर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा को भी दी गई।
दुर्घटना के चलते वाराणसी–मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस की सक्रियता से यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया गया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घायल का उपचार जारी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।