
मीरजापुर: पटेहरा कला में युवक की पिटाई से हालत गंभीर, ट्रामा सेंटर रेफर, पुलिस जांच में जुटी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मीरजापुर जनपद के संत नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा कला स्थित खटिकान बस्ती में मंगलवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। सूचना मिलते ही पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के दौरान युवक की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं। स्थानीय लोग मामले को लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं, हालांकि अभी तक घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
उधर, संत नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई गई। फिलहाल इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई आपराधिक तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की हालत और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।