• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
जिगना में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चला व्यापक स्वच्छता अभियान, 97 गांवों में एक साथ हुई सफाई

जिगना में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चला व्यापक स्वच्छता अभियान, 97 गांवों में एक साथ हुई सफाई


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

मिर्जापुर जनपद के जिगना क्षेत्र में संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को विशेष व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विकास खंड के सभी 97 गांवों में एक साथ सफाई कार्य कराया गया। गांवों की गलियों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालय परिसरों, पंचायत भवनों, मंदिरों, अमृत सरोवरों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से झाड़-झंखाड़ की सफाई कराई गई, ताकि बरसात के मौसम में मच्छरों और अन्य रोग फैलाने वाले जीवों के प्रजनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बृजेश सिंह ने बताया कि इस विशेष अभियान में कुल 249 सफाई कर्मचारियों को लगाया गया था। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए क्षेत्र की 15 न्याय पंचायतों में अलग-अलग टोली नायक नियुक्त किए गए थे। सभी टोली नायक अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की लगातार निगरानी करते रहे तथा समय-समय पर उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराते रहे।

उन्होंने बताया कि अभियान को पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ संचालित करने के लिए सफाई कार्य की वीडियो और फोटोग्राफी भी कराई गई। इससे यह सुनिश्चित किया गया कि सभी गांवों में निर्धारित मानकों के अनुरूप सफाई कार्य संपन्न हो और किसी भी स्थान पर लापरवाही न बरती जाए।

कुशहां न्याय पंचायत के टोली नायक सर्वेश चंद्र शुक्ल ने बताया कि उनके क्षेत्र में बूढ़े नाथ शिव मंदिर परिसर, अमृत सरोवर, सार्वजनिक मार्गों, नालियों तथा अन्य प्रमुख स्थानों की विशेष साफ-सफाई कराई गई। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर उनकी सफाई की गई, जिससे मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके और डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा अन्य संचारी रोगों के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से भी अपील की कि वे अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पानी का अनावश्यक जमाव न होने दें तथा साफ-सफाई को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। बरसात के मौसम को देखते हुए ऐसे विशेष स्वच्छता अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रखे जाएंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .