• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
मिर्जापुर: अघवार चौराहे पर सूखा शीशम का पेड़ बना जानलेवा खतरा, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

मिर्जापुर: अघवार चौराहे पर सूखा शीशम का पेड़ बना जानलेवा खतरा, ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

 

 

मिर्जापुर जनपद के पड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत अघवार चौराहे पर सड़क किनारे खड़ा एक वर्षों पुराना एवं पूरी तरह से सूख चुका शीशम का विशाल पेड़ स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। यह जर्जर पेड़ किसी भी समय गिरकर बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। पेड़ दीपचंद केसरवानी, संजय केसरवानी, निखिल केसरवानी, अशोक केसरवानी सहित अन्य स्थानीय निवासियों के घरों के ठीक सामने स्थित है, जिससे उनके परिवारों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज आंधी, बारिश या तेज हवा चलने की स्थिति में यह सूखा पेड़ कभी भी धराशायी हो सकता है। आसपास छोटे-छोटे बच्चे खेलते रहते हैं, वहीं घरों के सामने लोगों का आवागमन भी लगातार बना रहता है। ऐसे में यदि पेड़ अचानक गिर गया तो जनहानि होने की पूरी आशंका है।

सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि यह स्थान मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित है, जहां दिन-रात भारी एवं हल्के वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। यदि पेड़ सड़क पर गिर गया तो बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिससे कई लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है और यातायात भी पूरी तरह बाधित हो सकता है।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय निवासी दीपचंद केसरवानी ने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया है। उन्होंने जनहित को ध्यान में रखते हुए सूखे एवं खतरनाक पेड़ को तत्काल जड़ से हटवाने की मांग की है, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से पहले आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बताया गया कि जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने तथा शीघ्र कार्रवाई कर पेड़ को सुरक्षित तरीके से हटवाने का आश्वासन दिया गया है। क्षेत्रीय नागरिकों ने भी प्रशासन से अपील की है कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते इस जानलेवा पेड़ को हटाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .