
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: हाइवा ट्रक और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की मौके पर मौत, क्षेत्र में मचा कोहराम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र जिले के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलरीहवा टोला के समीप गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हाइवा ट्रक (UP64BT9245) और बाइक की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी, जिससे सड़क फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे हाइवा ट्रक और सामने से आ रही बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने हाइवा ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में मृतकों की पहचान छोटू कुमार (20 वर्ष) पुत्र सिद्धनाथ निवासी पाटी टोला कुटियाही, थाना पिपरी, सुनील कुमार (16 वर्ष) पुत्र रामप्यारे निवासी पाटी टोला कुटियाही, थाना पिपरी तथा रामबदन (35 वर्ष) निवासी रणहोर, थाना अनपरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने के लिए निकले थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पिपरी क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे ने बताया कि दुर्घटना के समय हल्की बारिश हो रही थी। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी यातायात नियंत्रण और दुर्घटना रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।