
सोनभद्र में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ के तहत परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट चल रही स्कूल बस सीज, तीन वाहनों का चालान
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा चलाया जा रहा 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान लगातार प्रभावी ढंग से जारी है। इसी क्रम में रॉबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग के समीप परिवहन विभाग की टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया, जिसमें बिना वैध परमिट संचालित हो रही एक स्कूल बस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल सीज कर दिया गया।
यह अभियान पीटीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। जांच के दौरान तीन अन्य स्कूली वाहनों में भी गंभीर सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गईं। इन वाहनों में फायर सेफ्टी उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का अभाव मिलने पर विभाग ने उनका चालान किया।
एआरटीओ (प्रशासन) कौशल कुमार सिंह ने बताया कि 'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत जिले के सभी स्कूली वाहनों की नियमित और सघन जांच आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं वाहन संचालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, फायर सेफ्टी उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अन्य सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों को समय रहते पूरा कर लें। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।