
कोलाघाट पुल पर टूटा लोहे का एंगल, भारी वाहनों की आवाजाही शुरू होने से बढ़ा हादसे का खतरा
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जनपद के मिर्जापुर क्षेत्र स्थित कोलाघाट पुल पर रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाया गया लोहे का एंगल अचानक टूटकर नीचे गिर गया। घटना के बाद स्टेट हाईवे पर बड़े वाहनों का आवागमन दोबारा शुरू हो गया है, जिससे किसी बड़े सड़क हादसे की आशंका गहरा गई है।
जानकारी के अनुसार, पुल की सुरक्षा और उसकी भार क्षमता को ध्यान में रखते हुए कई वर्ष पूर्व प्रशासन द्वारा भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए लोहे के एंगल लगाए गए थे। लेकिन समय-समय पर ये एंगल क्षतिग्रस्त होते रहे हैं। रविवार रात लगभग 11 बजे पुल पर लगा एक एंगल अचानक टूट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगातार भारी वाहनों के दबाव और कंपन के कारण एंगल कमजोर हो चुका था, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
एंगल टूटने के बाद अब बड़े ट्रक और अन्य भारी वाहन बिना किसी रोक-टोक के पुल से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने मरम्मत और सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से तत्काल पुल की जांच कराकर मजबूत बैरियर लगाने तथा भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि पुल की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग गंभीर नजर नहीं आ रहा है, जिसके कारण लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है।