
मिर्जापुर सड़क हादसा: 26 वर्षीय युवक की मौत, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय |
8382048247
मिर्जापुर। जिले के चिल्ह थाना क्षेत्र में रविवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान औराही कोतवाली क्षेत्र के सहसेपुर निवासी शिवम केसरी के रूप में हुई है। घटना रात करीब 10 बजे मिर्जापुर पुल के पास हुई, जब शिवम दुकान का सामान लेकर टीवीएस लूना से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिल्ह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शिवम को जिला अस्पताल मिर्जापुर भिजवाया।
डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर रात करीब 1 बजे शिवम ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही उनके बड़े भाई विजय केसरी और गांव के अन्य लोग वाराणसी पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि शिवम के पिता सुरेश केसरी मुंबई में काम करते हैं। शिवम अपने बड़े भाई विजय (28) के साथ गांव में परचून, जूते और कॉस्मेटिक की दुकान चलाते थे। शिवम की शादी करीब 16 महीने पहले अनु से हुई थी और उनकी पत्नी इस समय आठ माह की गर्भवती हैं।
युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।