
सोनभद्र पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹65 लाख के 336 मोबाइल बरामद, साइबर ठगी के ₹27 लाख पीड़ितों को वापस
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
चीफ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय | 8382048247
सोनभद्र। जनपद में साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सर्विलांस सेल, एसओजी और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने CEIR पोर्टल की मदद से मार्च 2026 से अब तक कुल 336 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब ₹65 लाख आंकी गई है। रविवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। लंबे समय बाद अपने खोए हुए फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की सराहना की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले फरवरी माह में भी पुलिस ने 151 मोबाइल फोन बरामद कर लौटाए थे।
मोबाइल रिकवरी के साथ-साथ साइबर सेल ने वित्तीय ठगी के मामलों में भी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की है। अपर पुलिस अधीक्षक (नोडल साइबर क्राइम) अनिल कुमार के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में टीम ने 12 मार्च 2026 से अब तक 66 पीड़ितों के खातों में ₹27,26,442 की धनराशि वापस कराई है।
गौरतलब है कि फरवरी से 11 मार्च के बीच भी पुलिस ने 86 पीड़ितों के ₹35,86,160 सुरक्षित वापस कराए थे। यह सफलता NCRP पोर्टल पर शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग, हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त कॉल्स पर त्वरित कार्रवाई और बैंकों के साथ बेहतर समन्वय के चलते संभव हो सकी, जिससे संदिग्ध खातों को समय रहते फ्रीज किया गया।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ अधिकारियों ने संबंधित टीमों की सराहना की है। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें या ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान से बचाया जा सके।