• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
2.27 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप से खेल, गोरखपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

2.27 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: फर्जी शेयर ट्रेडिंग ऐप से खेल, गोरखपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ़ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय | 8382048247

सोनभद्र। साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में मुख्य आरोपी को गोरखपुर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी फर्जी मोबाइल ऐप के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर करीब 2.27 करोड़ रुपये की ठगी करता था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ठगी की रकम दूसरे चरण में एक एक्सिस बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी, जो गोरखपुर निवासी प्रदीप सिंह के नाम पर था। इसी सुराग के आधार पर साइबर टीम ने जांच का दायरा बढ़ाया और आरोपी तक पहुंच बनाई।

पीड़ित युगल किशोर तिवारी, निवासी एनसीएल बीना, को 13 जनवरी 2025 को एक अज्ञात व्यक्ति ने “शेयरखान एज” नामक कथित ट्रेडिंग ऐप का लिंक भेजा था। ऐप डाउनलोड कराने के बाद आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में निवेश के नाम पर उनसे 2,27,02,616 रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना सोनभद्र में आईटी एक्ट की धारा 66डी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी प्रदीप सिंह गोरखपुर के बैंक रोड स्थित विंध्यवासिनी कॉलोनी में एक कार्यालय संचालित कर रहा था, जहां से फर्जी शेयर ट्रेडिंग नेटवर्क चलाया जा रहा था। लोगों को भ्रमित करने के लिए कार्यालय के बाहर सोलर फ्रेंचाइजी का बोर्ड लगाया गया था। इस गिरोह में करीब 10 युवक शामिल थे, जो फोन और ऑनलाइन माध्यम से लोगों को फंसाते थे।

साइबर थाना प्रभारी डीके चौधरी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोरखपुर में भी कई ठगी के मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार रात करीब 10:50 बजे एम्स गोरखपुर के पास से 44 वर्षीय प्रदीप सिंह को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान लिंक या मोबाइल ऐप के जरिए निवेश करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .