
फोन पर तकरार बनी जानलेवा, पति की डांट से आहत नवविवाहिता ने उठाया खौफनाक कदम
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
चीफ़ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
राजगढ़। एक मामूली फोन कॉल पर हुआ विवाद उस वक्त गंभीर घटना में बदल गया, जब पति की डांट से आहत एक नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राजगढ़ में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के एक युवक और युवती का विवाह फरवरी माह में सामूहिक विवाह समारोह के तहत संपन्न हुआ था। विवाह के बाद युवती की विदाई नहीं की गई थी। उसके पिता ने गौना की रस्म के लिए पुनः बारात लाने की शर्त रखी थी, जिस पर दोनों परिवार सहमत थे। 20 अप्रैल को गौने की तिथि निर्धारित की गई थी और दोनों परिवार खुशी-खुशी तैयारियों में जुटे हुए थे।
इसी बीच शुक्रवार दोपहर युवक ने युवती को फोन कर बातचीत करनी चाही। युवती द्वारा कुछ देर बाद बात करने की बात कहने पर युवक नाराज हो गया और फोन पर ही उसे डांट दिया। इस बात से आहत होकर नवविवाहिता ने आवेश में आकर जहरीला पदार्थ पी लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे आनन-फानन में सीएचसी राजगढ़ लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर युवक, उसका भाई और अन्य परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि युवती द्वारा जहर का सेवन किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।