
विद्यालय से लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी, बाइक पर जबरदस्ती बैठाने की कोशिश
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
रायपुर थाना क्षेत्र में एक स्नातक की छात्रा के साथ घर लौटते समय छेड़खानी और बाइक पर जबरिया बैठाने की कोशिश करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के रहने वाले परिचित युवक ने सरेराह रास्ता रोककर छेड़छाड़ की। उसे जबरिया बाइक पर बैठाने की भी कोशिश की गई। पीड़िता के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता के पिता ने बताया है कि उनकी पुत्री स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। चकरघट्टा के लालतापुर निवासी शुभम यादव की उसके पुत्री से रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान पहचान हुई। इस पहचान का फायदा उठाकर वह उनके घर भी आने-जाने लगा और बेटी से मोबाइल पर बातचीत करने लगा। बाद में दोनों के बीच शादी की बातचीत शुरू हो गई। उन्होंने भी इस पर हामी भर दी। बात आगे बढ़ पाती, इससे पहले आरोपी ने कहीं और शादी कर ली। आरोप है कि उसके बाद भी वह उसे फोन कर लगातार परेशान करने लगा। गत सात जनवरी बेटी परीक्षा देकर सहेलियों के साथ कॉलेज गेट से बाहर आई। तभी आरोपी वहां आ गया और उसे जबरिया बाइक पर बैठाने का प्रयास करने लगा। उसकी बातों को नजरअंदाज करते हुए वह पैदल ही घर जाने लगी। इस पर आगे जाकर उसने रास्ता रोक लिया। उसके साथ मारपीट और छेड़खानी की। विरोध पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर पर आस-पास के लोग आए तो आरोपी भाग निकला। घर पहुंचकर पीड़िता ने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा के मुताबिक मंगलवार को इस मामले की तहरीर मिली है। बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।