• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
89 करोड़ का टैक्स दबाकर बैठे 11,567 वाहन स्वामी, नोटिस और आरसी के बाद भी नहीं जमा कर रहे बकाया

89 करोड़ का टैक्स दबाकर बैठे 11,567 वाहन स्वामी, नोटिस और आरसी के बाद भी नहीं जमा कर रहे बकाया


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

 

31 अक्टूबर को पेनाल्टी में छूट के लिए परिवहन विभाग में लगेगा विशेष कैंप, बड़े बकायेदारों पर भी विभाग की नजर

 

सोनभद्र। जनपद में वाहन टैक्स की बकायेदारी का आंकड़ा 89 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि 11,567 वाहन स्वामियों पर टैक्स बकाया होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग इसे जमा करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से बकायेदारों को नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बाद भी टैक्स जमा नहीं करने वालों के खिलाफ तहसील के माध्यम से आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) तक जारी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद बकाया वसूली की रफ्तार संतोषजनक नहीं है।

बकाया वसूली में तेजी लाने और वाहन स्वामियों को राहत देने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप परिवहन विभाग, सोनभद्र कार्यालय परिसर में लगेगा। इसमें शासन की ओर से निर्धारित व्यवस्था के तहत बकाया वाहन टैक्स की पेनाल्टी में छूट का लाभ लेने और बकाये का निस्तारण करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

परिवहन विभागीय के आंकड़ों के मुताबिक बड़े बकायेदारों में सौरभ सिंह, बालाजी मिनरल्स प्राइवेट लिमिटेड की पांच गाड़ियां, नीलम ग्रुप, आशुतोष कुमार पाठक, अभिषेक और नीरज कुमार के नाम शामिल हैं। इन बकायेदारों पर विभाग की विशेष नजर है। विभाग की ओर से पहले ही नोटिस जारी कर बकाया जमा करने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन कार्रवाई के बावजूद कई वाहन स्वामियों ने अब तक टैक्स जमा नहीं किया है।एआरटीओ कौशल कुमार सिंह ने बताया कि बकाया टैक्स की वसूली को लेकर विभाग गंभीर है। वाहन स्वामियों को नोटिस जारी करने के साथ ही बकायेदारों के खिलाफ आरसी भी जारी कराई जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी से मिलकर आरसी जारी होने के बाद भी बकाया जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों के विरुद्ध नीलामी और कुर्की जैसी प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने सभी बकायेदारों से अपील की कि 31 अक्टूबर को आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर पेनाल्टी में छूट का लाभ लें और अपने बकाया टैक्स का भुगतान कराएं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .