
फर्जी इनकम टैक्स स्लिप भेजकर ठगे गए 8 हजार रुपये, साइबर सेल की तत्परता से पीड़िता को मिली राहत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। जनपद मिर्जापुर में साइबर ठगी के एक मामले में चील्ह थाना साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता की ठगी गई धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की सक्रियता से पीड़िता को बड़ी राहत मिली।
जानकारी के अनुसार, थाना चील्ह क्षेत्र के भटेवरा गांव निवासी मुस्कान पंकज ने 23 अप्रैल 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक फर्जी इनकम टैक्स स्लिप भेजी गई थी। संदेश में तत्काल भुगतान न करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी गई थी।
धमकी भरे संदेश से घबराकर मुस्कान ने ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में 8 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद उन्हें एहसास हुआ कि वे साइबर अपराधियों के जाल में फंस गई हैं और उनके साथ ऑनलाइन ठगी हुई है।
शिकायत प्राप्त होते ही चील्ह थाना साइबर सेल ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से साइबर टीम ने ठगी की गई धनराशि को संबंधित खाते में तत्काल होल्ड कराया और सफल प्रयास करते हुए पीड़िता के पूरे 8 हजार रुपये वापस करा दिए।
पीड़िता एवं उसके परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक, फर्जी नोटिस, टैक्स स्लिप या धमकी भरे संदेश के झांसे में न आएं तथा साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।