• +91 8127948307
  • info@tejasvisangthan.in
  • uttar Pradesh sonebhadra
News
505 ग्राम हेरोइन के साथ सोनभद्र का युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया 

505 ग्राम हेरोइन के साथ सोनभद्र का युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया 


तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।

 

 

चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय

8382048247

अखरी बाईपास पर एएनटीएफ और रोहनिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 520 रुपये नकद और पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद

वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी बाईपास के पास मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की वाराणसी यूनिट ने 505 ग्राम हेरोइन के साथ सोनभद्र निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमा थाना क्षेत्र के जोगिनी गांव निवासी चंद्रभूषण यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 505 ग्राम हेरोइन, 520 रुपये नकद और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद गुरुवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल

एएनटीएफ वाराणसी यूनिट के प्रभारी कुलदीप शर्मा के अनुसार, बुधवार देर शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि अखरी बाईपास के पास एक युवक हेरोइन बेचने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एएनटीएफ की टीम ने रोहनिया पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम ने प्रयागराज जाने वाले सर्विस रोड पर निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान एक मैरेज लॉन के पास मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कमर में छिपाकर रखी थी हेरोइन

पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसकी कमर में छिपाकर रखी गई काली पन्नी से भूरे रंग का पाउडर बरामद हुआ। जांच में उसे हेरोइन बताया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर पन्नी सहित उसका कुल वजन 505 ग्राम मिला। इसके अतिरिक्त आरोपी के पास से 520 रुपये नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया।

बिहार से खरीदकर अन्य जिलों में बेचने की बात

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बिहार से हेरोइन खरीदकर वाराणसी और अन्य जिलों में बेचने की बात बताई। बरामद मोटरसाइकिल का इस्तेमाल भी मादक पदार्थों की बिक्री के लिए किए जाने की जानकारी सामने आई है।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके बाद गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एएनटीएफ और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Notifications OK .