
प्रसव के बाद 22 वर्षीय विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ़ ब्यूरो: कमलेश पाण्डेय
📞 8382048247
सोनभद्र/रामनगर। सोमवार को एक दर्दनाक घटना में 22 वर्षीय सोनाली देवी की प्रसव के बाद मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता उमा बियार, निवासी विशुनपुरा, ने पुलिस को तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले सोनाली के पति ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसके बाद से वह शारीरिक रूप से कमजोर हो गई थी।
परिजनों के अनुसार, सोनाली की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी और वह अपने पति के साथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करती थी। सोमवार को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर उसे रामनगर के एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया, जहां प्रसव के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही और पति द्वारा पूर्व में की गई मारपीट को मौत का कारण बताया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।