
12 घंटे से अधिक बिजली गुल रहने से शाहगंज क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में मचा हाहाकार
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र शाहगंज। क्षेत्र के सैकड़ों गांवों में रविवार को 12 घंटे से अधिक समय तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर में अचानक गुल हुई बिजली सोमवार रात करीब तीन बजे के बाद बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली नहीं आने से ग्रामीण क्षेत्रों में अंधेरा छा गया और उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ईश्वरी प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर 33 केवीए लाइन में फाल्ट आ गया था। आरोप है कि इसी दौरान सबस्टेशन के स्थानीय अधिकारी विद्युत विभाग के उच्च अधिकारी के दौरे के मद्देनजर पूरे दिन बिजली बिल जमा कराने के अभियान में व्यस्त रहे। इसके चलते लाइन में आए फाल्ट को समय रहते ठीक कराने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा सका।
सबस्टेशन पर तैनात एसएसओ सचिन ने बताया कि दोपहर में ही विद्युत आपूर्ति में फाल्ट की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी। इसके बावजूद फाल्ट दूर करने में काफी समय लग गया और उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत विभाग के ग्रुप के माध्यम से बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी और फाल्ट की स्थिति के बारे में लगातार जानकारी मांगी जाती रही, लेकिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की ओर से उपभोक्ताओं को बिजली कटौती की स्पष्ट सूचना देने या आपूर्ति बहाल होने का अनुमानित समय बताने की जरूरत नहीं समझी गई। इससे ग्रामीणों में और अधिक नाराजगी देखने को मिली।
12 घंटे से अधिक समय तक बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों और छोटे कारोबार पर भी असर पड़ा। रात के समय बिजली नहीं होने से ग्रामीण इलाकों में अंधेरा पसरा रहा। उमस और गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी उठानी पड़ी।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि भविष्य में इस तरह के फाल्ट की स्थिति में तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए और उपभोक्ताओं को बिजली बाधित होने की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने के मामले में जिम्मेदारी तय कर संबंधित कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाए।
विद्युत विभाग की इस कार्यप्रणाली को लेकर शाहगंज क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने निर्बाध एवं समयबद्ध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।