
सावन के अंतिम सोमवार पर विजयगढ़ किला से शिवद्वार तक गूंजा हर-हर महादेव
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
सोनभद्र की पावन धरती पर सावन के अंतिम सोमवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विजयगढ़ किला की पवित्र धरती से लाखों श्रद्धालु भक्त जल लेकर “बोल बम-बोल बम, हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए शिवद्वार स्थित ऐतिहासिक बाबा शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।
इस पावन यात्रा में 6 वर्ष की उम्र से लेकर 70 वर्ष तक के श्रद्धालु पूरे उत्साह, उमंग और श्रद्धा के साथ शामिल हुए। कांवड़ियों और भक्तों के जयकारों से पूरा मार्ग शिवमय हो गया। हर तरफ भगवा रंग, बोल बम के जयकारे और भगवान भोलेनाथ की भक्ति का माहौल नजर आया। श्रद्धालु एक-दूसरे का उत्साह बढ़ाते हुए लगातार बाबा भोलेनाथ का स्मरण करते हुए आगे बढ़ते रहे।
श्रद्धालुओं की सेवा के लिए रास्ते में जगह-जगह पेयजल, भोजन, खिचड़ी, नाश्ता और विश्राम की व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों और सेवा भाव रखने वाले लोगों ने श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सेवा शिविरों में भक्तों को पानी और भोजन उपलब्ध कराया गया, जिससे लंबी यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली।
इस पूरे धार्मिक आयोजन में प्रशासन की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस टीम लगातार सक्रिय नजर आई। जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया।
सावन के अंतिम सोमवार पर विजयगढ़ किला से शिवद्वार तक उमड़ा यह जनसैलाब सोनभद्र की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सेवा भावना की सुंदर मिसाल बना। लाखों श्रद्धालुओं की एक आवाज में गूंजता “बोल बम-बोल बम, हर-हर महादेव” का जयघोष पूरे वातावरण को भक्तिमय कर रहा था।
बाबा भोलेनाथ सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें। हर-हर महादेव! बोल बम!