
शास्त्री सेतु से गंगा में कूदी महिला, चौबे घाट के पास लोगों ने बचाने का किया प्रयास
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। कटरा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11:25 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 35 वर्षीय एक महिला ने गंगा नदी पर बने शास्त्री सेतु से अचानक नदी में छलांग लगा दी। पुल से गुजर रहे राहगीरों ने महिला को गंगा में कूदते देखा तो शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगा में छलांग लगाने के बाद महिला कुछ देर तक पानी में डूबती-उतराती रही। लोगों ने उसे बचाने के लिए आसपास मौजूद लोगों को आवाज लगाई, लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण महिला बहती चली गई।
तेज बहाव महिला को चौबे घाट की ओर ले गया। चौबे घाट के पास मौजूद लोगों की नजर जब महिला पर पड़ी तो उन्होंने उसे आवाज देकर हिम्मत बनाए रखने और हाथ-पैर चलाकर किनारे की ओर आने के लिए कहा। लोगों की आवाज सुनकर महिला ने भी पानी में हाथ-पैर चलाने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला की तलाश एवं घटना से संबंधित जानकारी जुटाने में जुट गई। महिला की पहचान और उसके गंगा में छलांग लगाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।