
बरकछा रोड की बदहाली से राहगीर परेशान, हादसे की आशंका
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मिर्जापुर। बरकछा रोड की लंबे समय से खराब हालत राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह क्षतिग्रस्त हिस्से और गड्ढों के चलते लोगों को आवागमन के दौरान काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें असुविधा के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बरकछा रोड पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क की स्थिति खराब होने के कारण पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी सूरज, शिवम, गगन और चंदन ने बताया कि सड़क की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आए दिन आवागमन प्रभावित होता है। बारिश के दौरान समस्या और बढ़ जाती है, जिससे सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत होने से आवागमन सुगम होगा और दुर्घटना की आशंका भी कम होगी। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभाग से जल्द कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।