
विषैले जंतु के काटने से 12 वर्षीय किशोरी की मौत
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
परिवार में मचा कोहराम
खेत की ओर जाते समय बाएं पैर के अंगूठे में काटा, सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने किया मृत घोषित
म्योरपुर। म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र की कुड़पान ग्राम पंचायत में गुरुवार दोपहर विषैले जंतु के काटने से 12 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कुड़पान गांव निवासी सीताराम यादव की 12 वर्षीय बेटी सोनी कक्षा सात की छात्रा थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे वह खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान किसी विषैले जंतु ने उसके बाएं पैर के अंगूठे में काट लिया। सोनी ने तत्काल इसकी जानकारी परिजनों को दी।
बताया जा रहा है कि कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजन आनन-फानन में निजी वाहन से उसे लेकर शाम करीब चार बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) म्योरपुर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. शिशिर श्रीवास्तव ने किशोरी को मृत घोषित किए जाने की पुष्टि की। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को मेमो के माध्यम से दी गई। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।