
रक्षाबंधन पर विंध्याचल में बदहाली! अटल चौक पर कचरे का अंबार, पंचायती राज विभाग की लापरवाही से व्यापारी, निवासी और भक्त बेहाल
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्योरों कमलेश पाण्डेय
8382048247
मीरजापुर,विंध्याचल: रक्षाबंधन के महापर्व पर विंध्याचल धाम में पंचायती राज विभाग की घोर लापरवाही और उदासीनता की शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। धाम के सबसे व्यस्त और प्रमुख केंद्र ‘अटल चौक’ पर चारों तरफ कूड़े-कचरे का भारी अंबार लगा हुआ है। भीषण दुर्गंध और सड़ांध के कारण स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, राहगीरों और मां विंध्यवासिनी धाम में आने वाले श्रद्धालुओं का जीना दूभर हो गया है।
*मुख्य दर्शन मार्ग और बाजार में पसरी गंदगी*
अटल चौक विंध्याचल का मुख्य चौराहा है, जहां रक्षाबंधन पर त्योहारी बाजार पूरी तरह गुलजार है और प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिक व निवासी खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। साथ ही मां विंध्यवासिनी के दर्शन हेतु देश-भर से आने वाले हजारों भक्तों और राहगीरों के आवागमन का भी यही मुख्य मार्ग है। इसके बावजूद पूरे हाईवे और चौराहे पर जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे होकर श्रद्धालुओं को गुजरना पड़ रहा है।
*सफाई व्यवस्था ध्वस्त, स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश*
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि यहां हफ्ते में एक दिन भी झाड़ू लग जाए तो बड़ी बात है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व पर भी सफाई की कोई समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में इस दुर्व्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने लापरवाह जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मां के धाम के प्रमुख मार्ग पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।