
मीरजापुर में मेगा विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर, चिन्हित लाभार्थियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
मीरजापुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मीरजापुर के तत्वावधान में शनिवार को बीएचयू साउथ कैंपस, बरकछा में मेगा/ वृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश/ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अनुपम कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने सभी विभागों के स्टालों का भ्रमण कर जानकारी ली।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विभिन्न विभागों के चिन्हित पात्र लाभार्थियों को “एक छत, एक समाधान” की भावना के तहत एक ही मंच से राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया। मंच पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनन्द कुमार-II एवं जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार उपस्थित रहे।
शिविर में दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, कान की मशीन, वृद्धावस्था, विधवा, निराश्रित पेंशन स्वीकृति पत्र, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों को खाते में सीधे हस्तांतरण के प्रमाण पत्र, गर्भवती महिलाओं को पोषण किट, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि, युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रवेश पत्र, एक जनपद एक उत्पाद, निषादराज बोट सब्सिडी, मिलेट्स पुनरुद्धार, किसान सम्मान निधि सहित दर्जनों योजनाओं का लाभ दिया गया।
जनपद न्यायाधीश ने कहा कि प्राधिकरण का दायित्व सिर्फ विधिक सहायता नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में न्यायिक, प्रशासनिक अधिकारी, विभागाध्यक्ष, महिलाएं, पत्रकार एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।