
मिर्जापुर: पुलिया से पानी में कूदने के बाद 28 वर्षीय दीपू यादव लापता, दूसरे दिन भी तलाश जारी
तेजस्वी संगठन ट्रस्ट।
चीफ ब्यूरो कमलेश पाण्डेय
8382048247
एनडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने संभाला मोर्चा, घंटों की खोजबीन के बाद भी नहीं मिला सुराग
मिर्जापुर। जिले के सादिकपुर जैतपुर गांव में रविवार को पुलिया से पानी में कूदने के बाद 28 वर्षीय दीपू यादव लापता हो गया। घटना के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही है। सोमवार को दूसरे दिन भी पुलिस, फायर ब्रिगेड, गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने पानी में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन देर तक प्रयास करने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद से परिजनों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपू यादव पुत्र स्वर्गीय राममूर्ति यादव रविवार को गांव की पुलिया के पास पहुंचा और पानी में कूद गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर मिर्जापुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। हालांकि, काफी प्रयासों के बाद भी युवक का पता नहीं चल सका।
सोमवार को लापता युवक की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, गोताखोरों और एनडीआरएफ के जवानों ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया। पानी में लगातार खोजबीन की गई, लेकिन दो घंटे से अधिक समय तक चले प्रयासों के बावजूद दीपू का कोई पता नहीं चल पाया। रेस्क्यू टीम उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई है।
मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था दीपू
बताया जाता है कि दीपू यादव मजदूरी करके अपना जीवनयापन करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। उसके परिवार में दो भाई चौधरी यादव और ओमवीर यादव हैं। दीपू के अचानक लापता होने से परिवार के लोग परेशान हैं और उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं।
दूसरे दिन भी जारी रहा रेस्क्यू अभियान
युवक की तलाश में रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है। घटनास्थल पर पुलिस और बचाव दल की मौजूदगी में पानी में खोजबीन जारी है। हालांकि, अब तक दीपू यादव के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। परिजन और ग्रामीण उसकी बरामदगी की प्रतीक्षा कर रहे हैं।